पोस्ट विवरण
तुलसी की खेती से पहले जान लें यह महत्वपूर्ण बातें

तुलसी का सेवन हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक है। इसके सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। इसके साथ ही तुलसी के पौधों को लगाने से आस-पास की हवा भी स्वच्छ होती है। तुलसी की बढ़ती मांग को ध्यान में रहते हुए इसकी खेती करने वाले किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। अगर आप भी करना चाहते हैं तुलसी की खेती तो इसकी खेती से जुड़ी जानकारियां होना आवाहयक है। आइए तुलसी की खेती पर विस्तार से जानकारी प्राप्त करें।
तुलसी की खेती के लिए उपयुक्त मिट्टी
-
इसकी खेती के लिए बलुई दोमट मिट्टी सर्वोत्तम है।
-
उचित जल निकासी वाली कम उपजाऊ भूमि में भी इसकी खेती सफलतापूर्वक की जा सकती है।
खेत तैयार करने की विधि
-
सबसे पहले खेत में एक बार गहरी जुताई कर के खेत में मौजूद खरपतवारों को नष्ट कर देना चाहिए।
-
इसके बाद खेत में हल्की जुताई कर के मिट्टी को भुरभुरी बना लें।
-
खेत तैयार करते समय प्रति एकड़ खेत में 10 से 15 टन अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएं।
-
इसके अलावा आप प्रति एकड़ भूमि में 5 टन कम्पोस्ट खाद भी मिला सकते हैं।
-
तुलसी में मौजूद औषधीय गुणों को बनाए रखने के लिए खेत में रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग न करें।
पौधों की रोपाई की विधि
-
नर्सरी में तैयार किए गए पौधों की रोपाई के लिए जून-जुलाई महीना उपयुक्त है।
-
पौधों की रोपाई लाइन में करनी चाहिए। इससे सिंचाई एवं खरपतवार नियंत्रण में आसानी होती है।
-
सभी लाइनों के बीच 60 सेंटीमीटर की दूरी रखें।
-
पौधों से पौधों के बीच 30 सेंटीमीटर दूरी रखें।
-
पौधों की रोपाई शाम के समय करनी चाहिए।
-
रोपाई के तुरंत बाद हल्की सिंचाई करें।
पौधों की कटाई एवं पैदावार
-
पौधों की कटाई फूल आने से पहले करें। पौधों में फूल आने के बाद तेल की मात्रा में कमी आती है।
-
पौधों की कटाई जमीन की सतह से करीब 25 से 30 सेंटीमीटर ऊपर से करें।
-
यदि पत्तियों के लिए तुलसी की खेती कर रहे हैं तो कटाई के बाद पत्तियों को अच्छी तरह सूखा लें।
-
यदि तुलसी की खेती तेल प्राप्त करने के लिए की गई है तो कटाई के बाद पौधों को 4 से 5 घंटों तक खुला रहने दें।
-
प्रति एकड़ भूमि से 8 से 10 टन पत्तियां एवं 32 से 40 किलोग्राम तेल प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें :
-
तुलसी की खेती से जुड़ी अधिक जानकारी यहां से प्राप्त करें।
-
भारत में पैदा होने वाली विभिन्न प्रकार की तुलसी की जानकारी यहां से प्राप्त करें।
हमें उम्मीद है यह जानकारी आपके लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। यदि आपको यह जानकारी पसंद आई है तो इस पोस्ट को लाइक करें एवं इसे अन्य किसानों के साथ साझा भी करें। जिससे अन्य किसान मित्र भी तुलसी की खेती कर के अधिक मुनाफा कमा सकें। इससे जुड़े अपने सवाल हमसे कमेंट के माध्यम से पूछें।
Somnath Gharami
Dehaat Expert
22 लाइक्स
4 टिप्पणियाँ
31 May 2021
जारी रखने के लिए कृपया लॉगिन करें


फसल चिकित्सक से मुफ़्त सलाह पाएँ